नितिन गडकरी बोले- शोध-नवाचार से बनेगा विकसित भारत 2047
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई में NICMAR के भारत नव-निर्माण चैलेंज 2026 के फिनाले में युवा इंजीनियरों को नवाचार के लिए प्रेरित किया। पिंपरी चिंचवड़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग बनी विजेता।
मुंबई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भविष्य के विकास की मजबूत नींव शोध और नवाचार से ही तैयार होती है। मुंबई में NICMAR द्वारा आयोजित 'भारत नव-निर्माण चैलेंज 2026' के पहले संस्करण के भव्य ग्रैंड फिनाले में गडकरी जी ने युवा इंजीनियरों को 'विकसित भारत 2047' के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
देशभर के 500 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 20,000 से ज्यादा छात्रों ने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया। पिंपरी चिंचवड़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम को 30 लाख रुपये के पुरस्कार पूल और ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सीलेंस टूर से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में जोर दिया कि हमारे युवा इंजीनियर लागत प्रभावी समाधान निकालते हुए गुणवत्ता बनाए रखने और नई तकनीकों के जरिए देश को आत्मनिर्भर बनाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा, “भविष्य के विकास के लिए भविष्यवादी शोध बेहद जरूरी है।” गडकरी जी के इन शब्दों ने पूरे कार्यक्रम में नवाचार और आत्मनिर्भरता की भावना को और मजबूत किया।