साईं भक्ति और सेवा के लिए आशिम खेत्रपाल सम्मानित
मिड डे स्पिरिचुअल लीडर ऑफ द ईयर से नवाजे गए आशिम खेत्रपाल। फिल्ममेकर ने साईं बाबा की शिक्षाओं को दुनिया तक पहुंचाने और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
मुंबई: साईं बाबा और आध्यात्मिक विषयों पर आधारित चर्चित फिल्मों और धारावाहिकों के निर्माण के साथ-साथ सामाजिक और मानवीय क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य करने वाले फिल्मकार आशिम खेत्रपाल को 'मिड डे स्पिरिचुअल लीडर ऑफ द ईयर 2026' सम्मान से नवाजा गया है।
मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में अमृता फडणवीस और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय से जुड़े मंत्री तथा उद्योगपति मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों आशिम खेत्रपाल को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी, संजय कपूर, रजत बेदी, अभिमन्यु सिंह सहित कई जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं।
पिछले दो दशकों से आशिम खेत्रपाल शिरडी की पवित्र भूमि से श्रद्धा, सबूरी, शांति और मानवता का संदेश दुनिया तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। साईं की महिमा, साईं भक्तों की सच्ची कहानियां और चर्चित फिल्म 'शिरडी साईं बाबा' जैसे कार्यक्रमों और फिल्मों के माध्यम से उन्होंने लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है और आध्यात्मिकता को समाज सेवा से जोड़ने का प्रयास किया है।