अंजलि शर्मा की 'हाउसवाइफ बनी बॉस' में धमाकेदार एंट्री
दंगल टीवी की 'इश्क जूनूनी' फेम अंजलि शर्मा ओंकार फिल्म्स की माइक्रो-मिनी सीरीज 'हाउसवाइफ बनी बॉस' में लीड रोल में हैं, जो स्टोरी टीवी पर स्ट्रीम हो रही है। यह रिवेंज-ड्रामा महिला सशक्तिकरण की कहानी है।
नई दिल्ली/मुंबई: भारतीय मनोरंजन जगत में माइक्रो-मिनी सीरीज का दौर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जहां छोटे-छोटे एपिसोड में पूरी भावनात्मक यात्रा समेट दी जाती है। इसी ट्रेंड की ताजा मिसाल है ओंकार फिल्म्स एंड स्टूडियो की नई प्रोडक्शन 'हाउसवाइफ बनी बॉस', जो स्टोरी टीवी पर उपलब्ध है। इस सीरीज में मुख्य भूमिका निभा रही हैं दंगल टीवी के लोकप्रिय शो 'इश्क जूनूनी' से मशहूर अभिनेत्री अंजलि शर्मा।
सीरीज की कहानी आन्या मल्होत्रा नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द बुनी गई है। तीन साल तक घरेलू जिंदगी में अपमान, तिरस्कार और धोखे का सामना करने के बाद आन्या एक टर्निंग पॉइंट पर पहुंचती है—एक थप्पड़ और तलाक की घटना उसके जीवन को पूरी तरह बदल देती है। वह अपनी असली ताकत का खुलासा करती है और एक शक्तिशाली सीईओ के रूप में उभरती है। यह रिवेंज-ड्रामा महिला की सहनशीलता को ताकत में बदलने की प्रेरणादायक यात्रा दिखाता है।
अंजलि शर्मा, जो 'इश्क जूनूनी' में रूहानी के किरदार से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं, यहां बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। अपने किरदार आन्या मल्होत्रा पर बात करते हुए अंजलि ने कहा, “आन्या मल्होत्रा एक बहुत ही लेयर्ड किरदार है। ऊपर से वह कमजोर और असहाय दिखाई देती है, लेकिन उसके भीतर अपार ताकत और आत्मसम्मान है। मुझे 'हाउसवाइफ बनी बॉस' की कहानी इसलिए खास लगती है क्योंकि यह एक महिला की शांत सहनशीलता और उसके दर्द को ताकत में बदलने की यात्रा को दिखाती है। यह अपमान से आत्म सशक्तिकरण तक की कहानी है।”